जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री चूनीलाल भगत के निधन के बाद भगत परिवार को आज एक और गहरा सदमा लगा है। उनके दामाद मोहनलाल भगत का भी आज निधन हो गया। एक ही दिन परिवार में दो मौतों की खबर से पूरे परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

बताया जा रहा है कि मोहनलाल भगत को कुछ दिन पहले ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। ब्रेन हेमरेज के बाद वह कोमा में चले गए थे और आज उन्होंने दम तोड़ दिया।
मोहनलाल भगत जालंधर के दिलबाग नगर के रहने वाले थे और सिंचाई विभाग (Irrigation Department) से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही परिवार, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों में शोक की लहर फैल गई।
एक तरफ आज ही पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री चूनीलाल भगत के निधन से परिवार गहरे सदमे में था, वहीं कुछ समय बाद उनके दामाद मोहनलाल भगत के निधन की खबर ने इस दुख को और बढ़ा दिया। भगत परिवार पर एक ही दिन में दो अपनों को खोने का दुख टूट पड़ा है।














