अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने के विरोध में धरना, बसपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत से तनाव, सांपला पर हमला!

होशियारपुर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। गांव बाड़ियां कलां में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से कथित तोड़फोड़ के विरोध में बुधवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से धरना दिया गया। धरने के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक, धरनास्थल पर मौजूद लोगों और भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग किया। कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रतिमा से कथित तोड़फोड़ की घटना को लेकर पहले से ही ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों में रोष है। धरने के दौरान हुए विवाद के बाद मामला और गरमा गया है। समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।