बड़ी खबर: अमृतसर में ASI की गोली मारकर हत्या, देर रात गश्त के दौरान बाइक सवार हमलावरों ने बनाया निशाना

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: दाना मंडी के पास वीरवार देर रात करीब 2:30 बजे बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गश्त कर रहे ASI हरजीत सिंह पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल ASI को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, ASI हरजीत सिंह दाना मंडी के पास गश्त पर थे। इसी दौरान बाइक पर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, हमलावरों की तलाश जारी

वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान के साथ-साथ आतंकी संगठनों या उनसे जुड़े लोगों की संभावित भूमिका के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।