धर्म का अपमान नहीं सहेंगे: सिख जत्थेबंदियां विरोध में, जिमखाना क्लब के ओहदेदारों और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ रोष मार्च; मीटिंग आज

जिमखाना क्लब में शबद पर नाचती महिला मेंबर्स, इसी वीडियो से सिख भाईचारे की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जिमखाना क्लब में पिछले महीने पवित्र धार्मिक शब्द पर नाचने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। उक्त कार्यक्रम में गायक अंगद ने “नानक दुखिया सब संसार” गाना शुरू कर दिया और क्लब की मेंबर्स नाचती रहीं। इसका सिख जत्थेबंदियों ने कड़ा विरोध जताया, थाने में कंप्लेंट तक दी, लेकिन पुलिस ने न तो गायक पर पर्चा दर्ज किया और न ही क्लब के ओहदेदारों पर कोई कार्रवाई की। इसके बाद सिख जत्थेबंदियों ने 21 मेंबरी कमेटी का गठन किया, जिसकी जिम्मेदारी थी कि दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करवाई जाए।

26 सितंबर को सिख जत्थेबंदियों की मीटिंग जीटीबी नगर गुरुद्वारा साहिब में की गई। मीटिंग के 11 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर सिख जत्थेबंदियों ने 7 अक्टूबर को मीटिंग करने का फैसला लिया है। इसकी पुष्टि आवाज-ए-कौम के मुख्य सलाहकार हरजिंदर सिंह जिंदा ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस सपोर्ट नहीं करेगी तो रोष मार्च जरूर निकाला जाएगा।

पुलिस अपने अधिकारियों और क्लब मेंबरों को बचाने का प्रयास कर रही : जिंदा

इस संबंध में आवाज-ए-कौम के मुख्य सलाहकार हरजिंदर सिंह जिंदा ने कहा कि जिमखाना क्लब में पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और शहर के बड़े लोग ओहदेदार हैं। इन्हें सजा मिलनी चाहिए। पुलिस उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन सिख जत्थेबंदियों का फैसला अटल है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न करने के रोष में आज मीटिंग की जा रही है, जिसमें पुलिस और जिमखाना क्लब के ओहेदेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की रूपरेखा फाइनल की जाएगी।

क्लब के ओहदेदार भी बराबर जिम्मेदार हैं क्योंकि उन्होंने ही तो प्रोग्राम करवाया है। रही बात पुलिस कार्रवाई की तो क्लब में बड़े अधिकारी भी शामिल हैं, इसलिए पुलिस उन्हें बचाने के लिए मामले को रफा-दफा करने की कोशिश करेगी। लेकिन सिख जत्थेबंदियां अपनी जिम्मेवारी से पीछे नहीं हटेंगी। अगर पुलिस ने समय रहते एक्शन न लिया तो पुलिस-प्रशासन के खिलाफ सिख जत्थेबंदियां रोष मार्च निकालने से गुरेज नहीं करेंगी।

क्लब के आनरेरी सेक्रेटरी कुकरेजा भी बजाते रहे तालियां और झूमते रहे, उन पर भी एक्शन जरूरी

हरजिंदर सिंह जिंदा ने कहा कि जिमखाना क्लब की महिला मेंबर्स के अलावा क्लब के आनरेरी सेक्रेटरी अमित कुकरेजा की भी जिम्मेदारी बनती थी कि वे मर्यादा का पालन करवाएं, लेकिन वे अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सके। कार्यक्रम में जितने भी लोगों ने पार्टिसिपेशन की है, वे इसके जिम्मेदार हैं। सिख जत्थेबंदियों की मीटिंग में अमित कुकरेजा के खिलाफ एक्शन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। उन पर भी एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।

मामले की जांच जारी है, जल्द बताएंगे

इस संबंध में डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि फिलहाल अभी इस बारे में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामले की गंभीरता से जांच जारी है। जल्द ही इस बारे में बताया जाएगा।