सोनू कुमार होशियारपुरिया करेंगे महामाई का गुणगान, मां ज्वाला जी से लाई जाएगी ज्योति; 31 जरूरतमंद परिवारों को बांटा जाएगा राशन
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: सोडल नगर स्थित जगदम्बे गली में जगदम्बे नौजवान सभा (रजि.) की ओर से आयोजित किए जा रहे 35वें वार्षिक मां भगवती जागरण के उपलक्ष्य में जंडे की रस्म श्रद्धा एवं धूमधाम से अदा की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जोगिंदर पाल शर्मा ने रस्म अदायगी की।

जंडे की रस्म से पहले महामाई का संकीर्तन किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि जोगिंदर पाल शर्मा सहित सभा के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ महामाई का जंडा लेकर श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर की परिक्रमा की। इसके उपरांत जंडे को जागरण स्थल पर लाकर विधिवत रूप से स्थापित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

सभा के प्रधान रमेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सभा की ओर से लंबे समय से धार्मिक आयोजन के साथ-साथ समाजसेवा के कार्य भी किए जा रहे हैं। पहले जागरण के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह करवाए जाते थे। पिछले कुछ वर्षों से जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री वितरित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी योगदान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सभा की ओर से जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किए जाते हैं, जिनमें आंखों और हड्डियों से संबंधित जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाते हैं। जरूरत के अनुसार ऑपरेशन करवाने में भी सहयोग दिया जाता है।
31 जरूरतमंद परिवारों को बांटा जाएगा राशन
प्रधान रमेश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष भी सभा की ओर से 31 जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री वितरित की जाएगी। इसके साथ ही लोगों की सुविधा के लिए निःशुल्क नेत्र जांच कैंप भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभा भविष्य में जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह करवाने की सेवा को भी दोबारा शुरू करने की योजना बना रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद की जा सके।
मां ज्वाला जी से लाई जाएगी महामाई की ज्योति
सभा की ओर से 24 अक्टूबर, शनिवार को आयोजित किए जा रहे वार्षिक जागरण में मां ज्वाला जी से पवित्र ज्योति लाई जाएगी।

इस धार्मिक आयोजन में पंजाब के मशहूर टीवी कलाकार एवं गायक सोनू कुमार होशियारपुरिया महामाई का गुणगान करेंगे। सभा के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से जागरण में पहुंचकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
ये गणमान्य रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जोगिंदर पाल शर्मा, सभा के प्रधान रमेश शर्मा, चेयरमैन सुरिंदर सिंह एस.एस. बिल्ला,सोडल मंदिर तालाब कार सेवा कमेटी के प्रधान ओम प्रकाश सप्पल ,महा सचिव महिंदर प्रभाकर (टोनी) समाज सेवक परवीन कोहली,मनदीप शर्मा, जतिंदर शर्मा, सरबजीत काका, प्रवेश कुमार पीका, राजेश कुमार राजू, रितेश रेहान, संजय, गौरव शर्मा गोरू, गणेश शर्मा गिन्नी, भव्य शर्मा, कावल सिंह, सरबजीत सिंह नागी, विनोद ढींगरा, पारस ढींगरा, रवि अरोड़ा आशु, उमेश कोहली, गोपी, आदित्य शर्मा, किशन लाल अरोड़ा, गौरव अरोड़ा,सौरव अरोड़ा राजेश अरोड़ा बीटू,उदय शर्मा मानचित्र सहगल, गौरव गुप्ता सहित सभा के अन्य सदस्य एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।














