उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे वार्ड नंबर 23 की पार्षद परमजीत कौर के पति हरपाल सिंह मिंटू पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मामले को शांत कराने और दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने के उद्देश्य से हरपाल सिंह मिंटू मौके पर पहुंचे थे।
बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने मिंटू पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल मिंटू को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, CCTV फुटेज खंगाली जा रही
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल, हमले के पीछे की असली वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हाल ही में AAP में शामिल हुए थे हरपाल मिंटू
गौरतलब है कि हरपाल सिंह मिंटू हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हुए थे। उन्हें पार्टी नेता नितिन कोहली ने पार्टी में शामिल कराया था। मिंटू पर हुए हमले के बाद इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, हमले के कारणों और आरोपियों के संबंध में अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
जालंधर। जालंधर के वार्ड नंबर 23 की पार्षद के पति हरपाल सिंह पर हुए चाकू से हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों की पहचान कर ली है। डीसीपी सिटी अदित्य एस. वारियर, आईपीएस ने जानकारी देते हुए बताया कि आज शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि चार अज्ञात व्यक्तियों ने हरपाल सिंह पर चाकू से हमला कर दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और चारों आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा नंबर 302/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109, 190 और 191 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है।
डीसीपी के अनुसार, शुरुआती जांच में हमला आपसी रंजिश के चलते किया जाना सामने आया है। मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।














