गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ लड़ते हुए जान गंवाने वालों के परिवारों के साथ खड़ी है कांग्रेस, इंसाफ की लड़ाई में देंगे साथ

भगवंत मान सरकार ने राज्य को गैंगस्टरों के रहमोकरम पर छोड़ा: परगट सिंह

पुलिस स्टेट बन चुका है पंजाब, फिरौती न देने पर दुकानदारों तक की हो रही हत्याएं: सचिन पायलट

जालंधर में कांग्रेस नेताओं और वर्करों का जुटना बदलाव का संकेत, पंजाब को फिर तरक्की की राह पर ले जाएगी कांग्रेस

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के पांच दिवसीय दौरे के दौरान आज जालंधर पहुंचने पर जिला कांग्रेस भवन में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर दोनों नेताओं ने पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते गैंगस्टरवाद को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आम लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। व्यापारियों से लेकर आम नागरिकों तक में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है, जबकि सरकार हालात पर काबू पाने में नाकाम दिखाई दे रही है।

परगट सिंह और सचिन पायलट ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को पुलिस स्टेट बनाकर रख दिया है, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों और गैंगस्टरों पर प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आ रहा। कांग्रेस नेता गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मिलकर उनका दुख बांट रहे हैं और उन्हें इंसाफ की लड़ाई में हर संभव साथ देने का भरोसा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में छोटे दुकानदारों तक को फिरौती के लिए धमकियां मिल रही हैं और पैसे न देने पर उनकी जान ले ली जाती है। यह स्थिति सरकार की कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करती है। लोगों को सुरक्षा देने के बजाय सरकार की प्राथमिकताएं कहीं और दिखाई दे रही हैं।

दोनों नेताओं ने कहा कि पंजाब को मौजूदा भय और असुरक्षा के माहौल से बाहर निकालने के लिए राजनीतिक बदलाव जरूरी है। कांग्रेस का लक्ष्य पंजाब में ऐसा माहौल बहाल करना है, जहां व्यापारी बिना डर के कारोबार कर सकें, आम नागरिक सुरक्षित महसूस करें और युवाओं को नशे तथा अपराध के दलदल से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने के लिए सड़क से अदालत तक उनकी लड़ाई में साथ खड़ी रहेगी। जिला कांग्रेस भवन में बड़ी संख्या में जुटे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की एकजुटता और जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने के संकल्प को प्रदर्शित किया। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि पार्टी पंजाब में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और राज्य को विकास तथा खुशहाली की राह पर ले जाने के लिए संघर्ष करेगी।

इस मौके पर जिला कांग्रेस शहरी प्रधान राजिंदर कुमार बेरी, विधायक हरदेव सिंह लाडी, विधायक बावा हैनरी, पूर्व विधायक सुरिंदर चौधरी, हलका इंचार्ज सुरिंदर कौर, डॉ. नवजोत सिंह दहिया, कांग्रेस नेता राजिंदर सिंह, पार्षद डॉ. जसलीन सेठी, पार्षद शैरी चड्ढा, पार्षद पवन कुमार, पूर्व पार्षद प्रभ दयाल भगत, कांग्रेस नेता अमृत भोसले, रविश राज शर्मा, जिला महिला कांग्रेस प्रधान अनुराधा बंगा, कांग्रेस नेता जगदीप सिंह सोनू संधर, रछपाल जक्खू, सुरजीत सिंह, सुदेश भगत, सतपाल मीका सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।