कोटकपूरा, रोजाना भास्कर ब्यूरो: कोटकपूरा में जैतो बठिंडा बाईपास के पास एके-47 राइफल के तीन मैगजीन और 82 कारतूस मिलने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। कारतूस लावारिस हालत में मिले हैं और उन पर पुरानी तारीखें अंकित होने के कारण इनके आतंकवाद के काले दौर से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इनके वास्तविक स्रोत और यहां पहुंचने के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोटकपूरा में तैनात एएसआई गुरजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी जैतो-बठिंडा बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रब्ब वाले खूह के पास रजबाहे की कच्ची पटरी पर कारतूस छिपाकर रखे गए हैं।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर तलाशी ली तो तीन मैगजीन बरामद हुए। इनमें 7.62 एमएम के कुल 82 कारतूस भरे हुए थे। कारतूसों पर पुरानी तारीखें अंकित होने से पुलिस इनके पुराने होने की संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि इन्हें किसी ने जानबूझकर वहां छिपाया था या किसी अन्य स्थान से लाकर फेंका गया था।
इस मामले में डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। बरामद कारतूसों की पृष्ठभूमि और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।














