1 नवंबर को महिलाओं के मोबाइल पर फिर बजेगी ‘टूं-टूं’, सम्मान राशि जारी करेंगे CM भगवंत मान

नकोदर के गांव सरींह में लोक मिलनी के दौरान ऐलान, 70,862 सरकारी नौकरियों और शिक्षा सुधारों का भी किया जिक्र

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को नकोदर हलके के गांव सरींह में आयोजित लोक मिलनी के दौरान घोषणा की कि 1 नवंबर को मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत महिलाओं को अगली किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के टैक्स का पैसा जनकल्याण योजनाओं के माध्यम से लोगों तक पहुंचा रही है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने साढ़े चार वर्षों में मेरिट के आधार पर 70,862 सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास की, जबकि 2021 में यह संख्या 80 थी। उन्होंने मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के करीब 90 प्रतिशत परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है।

मान ने यह भी कहा कि किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए करीब 14,000 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों को गिनाया तथा पात्र परिवारों से मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत हेल्थ कार्ड बनवाने की अपील की।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने जनता के पैसे का सही इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के जरिए पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाना है।