विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले: मोहाली, रूपनगर, लुधियाना और पटियाला के डीसी बदले, कई जिलों में एडीसी स्तर पर भी फेरबदल

राहुल गुप्ता को परिवहन विभाग में विशेष सचिव, मिल्कफेड का एमडी और पेडा के सीईओ का अतिरिक्त कार्यभार

चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
मोहाली, रूपनगर, लुधियाना और पटियाला समेत कई जिलों के उपायुक्त बदल दिए गए हैं। इसके अलावा कई जिलों में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) स्तर पर भी बदलाव किया गया है।


मुख्य सचिव केएपी सिन्हा की ओर से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार, मोहाली की उपायुक्त कोमल मित्तल को रूपनगर का डीसी नियुक्त किया गया है, जबकि रूपनगर के डीसी आदित्य दचालवाल को मोहाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पटियाला के डीसी हिमांशु अग्रवाल को लुधियाना और लुधियाना के डीसी हिमांशु जैन को पटियाला का उपायुक्त बनाया गया है। इस तरह चार प्रमुख जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व बदला गया है।
इसी क्रम में बरनाला के डीसी हरप्रीत सिंह की जगह अभिजीत कपलिश को नियुक्त किया गया है। कपलिश को बरनाला नगर निगम के आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
हरप्रीत सिंह को खेल एवं युवा सेवाओं का निदेशक नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर अभिजीत कपलिश का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे।
तरनतारन के डीसी राहुल को सहकारिता विभाग में मिल्कफेड के प्रबंध निदेशक के तौर पर तैनाती के लिए उपलब्ध करवाया गया है। उन्हें पंजाब ऊर्जा विकास एजेंसी (पेडा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।
मिल्कफेड के एमडी राहुल गुप्ता को विशेष सचिव, परिवहन लगाया गया है। मनीषा राणा को सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग प्रोत्साहन निदेशक और अनुपम कलेर को रक्षा सेवा कल्याण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
निर्मल ओसेपाचन को तरनतारन का डीसी और निकास कुमार को मुख्य सचिव के साथ अतिरिक्त सचिव (समन्वय) का कार्यभार सौंपा गया है।
मुक्तसर, पटियाला, फिरोजपुर, पठानकोट, मानसा, अमृतसर और जगरांव में भी एडीसी स्तर पर नियुक्तियां बदली गई हैं।