जालंधर में खूनी वारदात! बूटा मंडी में दो आरोपियों ने छुरी से गोदकर व्यक्ति की हत्या, बेटे के सामने गर्दन पर किए वार; परिवार बोला- कोई पुरानी रंजिश नहीं थी

आरोपियों की पहचान अजय क्लेर और अमरजीत क्लेर के रूप में हुई, वारदात में इस्तेमाल छुरी बरामद; थाना-6 पुलिस ने शुरू की जांच

जालंधर, रोजाना भास्कर न्यूज। जालंधर के बूटा मंडी इलाके में तेजधार हथियार से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान सतपाल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतक के बेटे रोहनप्रीत के मुताबिक, शुक्रवार रात वह अपने पिता सतपाल के साथ एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब उन्होंने यू-टर्न लिया तो कथित तौर पर अजय ने तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया।

रोहनप्रीत ने बताया कि उसने शोर मचाकर मदद के लिए लोगों को बुलाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी सहायता के लिए आगे नहीं आया। हमलावरों ने उसके पिता की गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए, जिससे सतपाल की मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार बोला- आरोपी नशे का आदी, कोई पुरानी रंजिश नहीं थी

परिवार के अनुसार, सतपाल की अजय के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। आरोपी अजय बूटा मंडी में वेल्डिंग का काम करता है। परिजनों ने हमलावरों की पहचान अजय क्लेर और अमरजीत क्लेर के रूप में बताई है।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अजय नशे का आदी है और पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। उनका कहना है कि इसके बावजूद उसके खिलाफ पहले उचित कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच होना बाकी है।

हमले में एक अन्य युवक भी गंभीर घायल

एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि इस घटना के दौरान उसके सांडू के बेटे पर भी किसी नुकीली चीज से हमला किया गया। घायल को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सिटी स्कैन में उसकी सांस की नली को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

थाना-6 पुलिस ने छुरी की बरामद

घटना की सूचना मिलते ही थाना-6 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। थाना-6 के प्रभारी रवि ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई छुरी बरामद कर ली गई है।

मृतक के बेटे के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर इंसाफ दिलाने की मांग की है।