फाजिल्का में बड़ी कामयाबी: 27 अवैध पिस्तौल व 470 कारतूस बरामद, दो गिरफ्तार

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब पुलिस का सुरक्षित पंजाब बनाने का अभियान

रोजाना भास्कर (फाजिल्का): पंजाब को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के अभियान के तहत पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। काउंटर इंटेलिजेंस फिरोज़पुर/फरीदकोट और एसएसओसी फाजिल्का की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सक्रिय एक तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया।

पुलिस ने फाजिल्का क्षेत्र से दो हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 अवैध पिस्तौल (.30 बोर) और 470 जिंदा कारतूस बरामद किए।

पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 11 सितंबर को गांव मुहार जमशेर के नजदीक, भारत-पाक सीमा बाढ़ के पास संयुक्त ऑपरेशन चलाया।

इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू किया गया, जिनकी पहचान मंगल सिंह मंगली निवासी तेजा रहेला गट्टी नं. 3 और गुरमीत सिंह निवासी गांव मुहार जमशेर, थाना सदर फाजिल्का के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच से सामने आया है कि यह हथियार पाकिस्तान से एक विदेशी गिरोह द्वारा तस्करी कर पंजाब भेजे गए थे। इनका इस्तेमाल राज्य में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

गिरफ्तार आरोपी इन हथियारों को विभिन्न आपराधिक समूहों के जमीनी ऑपरेटिव्स तक पहुंचाने वाले थे। पुलिस ने बताया कि विदेशी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

साथ ही, हथियारों की सप्लाई चेन और पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।