जालंधर/करतारपुर (रोजाना भास्कर ब्यूरो): गैंगस्टर सुखवंत सिंह सुक्खा धीरपुर सोमवार रात करतारपुर पुलिस पर फायरिंग करके थार में भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया तो थार खेत में फंस गई। सुक्खा वहां से निकल गया, लेकिन उसने भागने के लिए एक स्विफ्ट कार लूट ली।
पुलिस सुक्खा के साथी कर्मजीत सिंह वासी धीरपुर से पूछताछ कर रही है। कर्मजीत से एक पिस्टल व 4 कारतूस मिले हैं। थाना करतारपुर में केस दर्ज किया गया है।
सोमवार रात थाना करतारपुर के एएसआई बोधराज ने टीम संग जीटी रोड के पास नाकाबंदी की हुई थी। तभी धीरपुर की ओर से आ रही थार गाड़ी को टॉर्च दिखाकर रुकने का इशारा किया। ड्राइवर ने थार रोकने की बजाय पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस मुलाजिम बाल-बाल बच गए।
इसके बाद पुलिस टीम थार के पीछे लग गई। थार सवार रास्ता भटककर खेत में चला गया और गाड़ी फंस गई। टीम ने सुक्खा के साथी को पकड़ लिया। देर रात तक सुक्खा की तलाश जारी रही। तभी गांव धीरपुर का प्रभजिंदर सिंह पुलिस के पास आया।
उसने बताया कि वह अपनी स्विफ्ट कार (पीबी 08 सीटी 7881) में आ रहा था। रास्ते में हाथ में पिस्टल लेकर खड़े सुक्खा ने उसकी कार छीन ली और उसे जान से मारने की धमकी देकर निकल गया।
जिक्रयोग है कि सुक्खा की गैंगस्टर विजय भीखानंगल से दुश्मनी चल रही है। वह उसे और उसके एक करीबी साथी को मारने की साजिश बना चुका है। मध्य प्रदेश से 4 पिस्टल लाया था, लेकिन 23 फरवरी को सीआईए स्टाफ की टीम ने उसे बर्टन पार्क से अरेस्ट कर लिया था।
उसने माना था कि वह गैंग में नए रंगरूट शामिल करने के लिए सिटी में आया था। सुक्खा के खिलाफ पहले ही 9 क्रिमिनल केस दर्ज है। इनमें से एक कत्ल तो 2 इरादा-ए-कत्ल के हैं। सुक्खा 5 अप्रैल को इस केस में बेल पर आया था।














