पाकिस्तान में पंजाबी महिला सरबजीत कौर गिरफ्तार, भारत होगी डिपोर्ट; सिख जत्थे संग गई थी पाकिस्तान

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो): सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पंजाब से पाकिस्तान गई पंजाबी महिला सरबजीत कौर को वहां की सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। सरबजीत के साथ उसके पाकिस्तानी पति नासिर हुसैन को भी हिरासत में लिया गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने सरबजीत को अटारी बॉर्डर के रास्ते भारत डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सरबजीत कौर 4 नवंबर 2025 को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 1932 श्रद्धालुओं के सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थी। आरोप है कि उसने वहां इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम नूर हुसैन रखा और पाकिस्तानी नागरिक नासिर हुसैन से निकाह कर लिया।

पाकिस्तान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (PSGMC) और पाकिस्तानी पंजाब सरकार के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

उनके अनुसार, 4 जनवरी 2026 को ननकाना साहिब के गांव पेहरे वाली में इंटेलिजेंस ब्यूरो और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने सरबजीत को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि सिख जत्था पाकिस्तान में करीब 10 दिन तक रहा और 13 नवंबर को भारत लौटा था, जबकि सरबजीत कौर वहीं रुक गई थी।

#PakistanNews #PunjabNews #Amritsar #SarbjitKaur #SikhJatha #NankanaSahib #IndiaPakistan #AtariBorder #BreakingNews