जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी की विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी पर सिख गुरुओं के अपमान के आरोप सामने आने के बाद पंजाब की राजनीति में जबरदस्त उबाल आ गया है।
इकबाल सिंह की शिकायत पर दर्ज FIR में कांग्रेस विधायक परगट सिंह, सुखपाल खैरा सहित एक अन्य का नाम सामने आने के बाद शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जालंधर में परगट सिंह के आवास का घेराव किया।
प्रदर्शन के दौरान परगट सिंह घर से बाहर आए, लेकिन पुलिस ने उन्हें आप नेताओं के पास जाने से रोक दिया।

प्रदर्शन में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, जालंधर सेंट्रल इंचार्ज नितिन कोहली, जिला प्रधान अमृतपाल सिंह, दोआबा मीडिया इंचार्ज सन्नी, आप नेता रॉबिन सांपला सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति काबू में रही।

“वीडियो मौजूद है, छेड़छाड़ हुई तो भाजपा जिम्मेदार” — परगट सिंह
मीडिया से बातचीत में परगट सिंह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा की पूरी घटना वीडियो में रिकॉर्ड है। अगर वीडियो से किसी तरह की छेड़छाड़ हुई है तो उसकी जिम्मेदारी भाजपा की है, और यदि वीडियो में कोई आपत्तिजनक बयान है तो वह आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा दिया गया है।

कानून-व्यवस्था पर सवाल, सरकार पर गंभीर आरोप
परगट सिंह ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को बेहद खराब बताते हुए कहा कि बड़े-बड़े मामलों में आज तक फोरेंसिक जांच नहीं करवाई गई। उन्होंने दिल्ली विधानसभा स्पीकर द्वारा जालंधर पुलिस कमिश्नर को बुलाए जाने पर भी सवाल उठाए।
CM मान और DGP से तीखे सवाल!
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी से पूछा कि बेअदबी के चार बड़े मामलों में आज तक एक भी फाइल आगे क्यों नहीं बढ़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में सिखों और किसानों के खिलाफ प्रोपेगैंडा चलाया गया, लेकिन इस पर की गई शिकायतों का आज तक कोई समाधान नहीं हुआ।
“मीडिया को डराने की कोशिश” का आरोप
परगट सिंह ने आरोप लगाया कि एक एसएसपी की कथित ऑडियो सामने आने के बावजूद उसकी फोरेंसिक जांच नहीं करवाई गई और सरकार मीडिया को डराकर चुप कराने की कोशिश कर रही है।
खुली बहस की चुनौती
उन्होंने आम आदमी पार्टी को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा, “घर पर आकर खुली डिबेट करें, मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं।” साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली के नेता पंजाब में राजनीति कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यहीं रहना है और जवाब भी यहीं देना होगा।
“आप विधायकों में दम नहीं, पार्टी भाजपा की B-टीम”
परगट सिंह ने दावा किया कि पंजाब में शायद ही कोई जिला बचा हो जहां रोजाना आपराधिक घटनाएं न हो रही हों। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायकों में कोई दम नहीं है और मुख्यमंत्री भगवंत मान पूरी तरह विफल हो चुके हैं।
अंत में उन्होंने दो टूक कहा, “मेरे खिलाफ चाहे 10 पर्चे दर्ज कर दो, मैं डरने वाला नहीं हूं,” और आम आदमी पार्टी को भाजपा की “B-टीम” करार दिया।
#AtishiVideoCase #JalandharNews #AAPProtest #PargatSingh #PunjabPolitics #PoliticalUproar #SikhIssue














