आरोपी को हो सकती है 10 साल की सज़ा, 45 घंटे बाद भी फरार; दुख सांझा करने पहुंची कई हस्तियां
हादसे के बाद गुरुद्वारे के बेसमेंट में छुपा दी थी क्रेटा कार, पुलिस लगातार कर रही जांच
रोजाना भास्कर (जालंधर): महिंदर सिंह केपी के बेटे से जुड़े बहुचर्चित एक्सीडेंट केस ने अब गंभीर रूप ले लिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद सामने आए तथ्यों से साफ़ हो गया है कि शान एंटरप्राइजेज का मालिक प्रिंस इस हादसे का मुख्य आरोपी है।
पुलिस द्वारा की गई प्राथमिक जांच में यह पाया गया कि एक्सीडेंट के समय वाहन प्रिंस चला रहा था, और उसने न केवल लापरवाही से गाड़ी चलाई, बल्कि हादसे के बाद मौके से फरार भी हो गया।
मंगलवार को रिची केपी (36) का अंतिम संस्कार मॉडल टाउन शमशान घाट पर सुबह 11 किया जाएगा। उससे पहले घर पर अंतिम दर्शन के लिए शव को लाया जाएगा।
एफआईआर में दर्ज धाराओं के अनुसार, प्रिंस पर गैर इरादतन हत्या और लापरवाही से जीवन को खतरे में डालने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें अधिकतम 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। इसके बावजूद, हादसे के 45 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस दबाव में, लेकिन आरोपी अब भी लापता
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जालंधर, लुधियाना, अमृतसर और चंडीगढ़ में संभावित ठिकानों पर रेड डाली जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
सूत्रों की मानें तो प्रिंस पंजाब से बाहर भाग चुका है और उसके नेपाल या दिल्ली की ओर भागने की भी संभावना जताई जा रही है। कुछ लोगों ने तो यह भी दावा किया है कि आरोपी को राजनीतिक सरंक्षण प्राप्त हो सकता है, जिसके चलते गिरफ्तारी में देरी हो रही है।
पीड़ित परिवार की मांग – हो सख्त कार्रवाई
हादसे में घायल महिंदर सिंह केपी के बेटे की हालत में अब सुधार है, लेकिन परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस जानबूझकर कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है। उनका कहना है कि यदि आम नागरिक होता, तो अब तक गिरफ्तार कर लिया गया होता।
परिवार ने राज्य सरकार से सीधे हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की लापरवाही न कर सके।
डेरा ब्यास मुखी और स्थानीय निकाय मंत्री डा.रवजोत सिंह ने मोहिंदर सिंह के.पी. के बेटे के निधन पर शोक व्यक्त किया
डेरा ब्यास मुखी गुरिंदर सिंह ढिल्लों और पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डा.रवजोत सिंह सोमवार को पूर्व सांसद एंव पूर्व मंत्री मोहिंदर सिंह के.पी. के बेटे रिची के.पी. के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके जालंधर स्थित आवास पर पहुंचे।
इस दुख की घड़ी में परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए, कैबिनेट मंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जवान बेटे का निधन परिवार के लिए एक अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है।
इस दौरान मेयर विनीत धीर, सहकारी कृषि विकास बैंक के अध्यक्ष पवन कुमार टीनू, जालंधर सुधार ट्रस्ट के अध्यक्ष रमणीक सिंह रंधावा, जिला योजना समिति के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह और आप नेता राजविंदर कौर थियाडा भी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि पूर्व सांसद मोहिंदर सिंह के.पी. के बेटे रिची के.पी. का कल एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था।