BRICS समिट में पुतिन का G7 पर तंज: ‘पश्चिम कमजोर हो रहा, फिर G7 क्यों?’; मोदी बोले- BRICS में 40% ग्लोबल GDP

नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। BRICS बिजनेस फोरम में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों और G7 पर तंज कसते हुए कहा कि दुनिया के पुराने आर्थिक केंद्रों का प्रभाव कमजोर हो रहा है। उन्होंने PPP के आधार पर BRICS की वैश्विक अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी करीब 40%, जबकि G7 की करीब 18% बताई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि BRICS देशों में दुनिया की करीब आधी आबादी रहती है और इनका वैश्विक GDP में करीब 40%, जबकि ग्लोबल ट्रेड में 25% से अधिक योगदान है।

उन्होंने सुरक्षित समुद्री रास्तों के साथ व्यापार बढ़ाने पर जोर दिया। मोदी ने बताया कि 2006 में 4 देशों से शुरू हुआ BRICS परिवार अब सदस्य और पार्टनर देशों को मिलाकर 21 देशों तक पहुंच चुका है।

वहीं, मोदी और पुतिन के बीच करीब 45 मिनट की बैठक हुई। पुतिन ने मोदी को 24वें भारत-रूस समिट के लिए रूस आने का न्योता दिया, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया।

फोरम में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने स्थानीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने, जबकि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने अफ्रीका में अधिक निवेश की मांग उठाई। ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा ने भारत की BRICS अध्यक्षता की सराहना की।