CM भगवंत मान के खिलाफ जालंधर में लगे विवादित पोस्टर: पुलिस ने शुरू की जांच, ‘पंथ का गद्दार’ लिखकर रातों-रात लगाए

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के लाडोवाली रोड इलाके में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है।

गुरुवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उन्होंने दीवारों और दुकानों के बाहर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा वाले पोस्टर चिपके हुए देखे, जिन पर ‘पंथ का गद्दार’ लिखा हुआ था।

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह हरकत रात के अंधेरे में की गई है। उनका कहना है कि यदि कोई दिन के समय पोस्टर लगाने की कोशिश करता तो उसे मौके पर ही रोक दिया जाता।

लोगों के अनुसार, बाजार बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात शरारती तत्वों ने यह पोस्टर लगाए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पोस्टर किसने लगाए और इसके पीछे किसका हाथ है।

हालांकि, स्थानीय लोगों या दुकानदारों की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन मुख्यमंत्री से जुड़े होने के कारण मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।