FBI ऑपरेशन के बाद पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, ₹4 करोड़ फिरौती केस में SHO गिरफ्तार

जालंधर/होशियारपुर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब पुलिस ने टांडा थाने के पूर्व SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा को ₹4 करोड़ (4 लाख डॉलर) की कथित फिरौती और भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। नागरा का नाम अमेरिकी FBI के ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के दौरान सामने आया था, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच की जा रही थी।

आरोप है कि उन्होंने गैंग से जुड़े लोगों के साथ मिलकर अमेरिका में रह रहे एक परिवार से फिरौती मांगने की साजिश रची। मामले की जांच के बाद उनके खिलाफ एक्सटॉर्शन और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।

यह मामला 15 जनवरी 2026 को टांडा के गांव मियाणी में AAP कार्यकर्ता और कारोबारी बलविंदर सिंह सतकरतार की हत्या से भी जुड़ा है। पहले पुलिस ने इस हत्याकांड में अमेरिका में रह रहे रिटायर्ड ASI चरनजीत सिंह को आरोपी बताया था, लेकिन बाद में अमेरिकी एजेंसियों ने आरोप लगाया कि इसी केस में फंसाए रखने और राहत दिलाने के नाम पर उनके परिवार से 4 लाख डॉलर की कथित फिरौती मांगी गई।

अमेरिकी जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में कुछ भारतीय पुलिस अधिकारियों की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए SHO नागरा को गिरफ्तार कर लिया।