पंजाब में कई जगहों पर झड़प, पटियाला में बीजेपी नेता पर पत्थर बाजी और अकाली नेता टंकी पर चढ़ा, नेता ने खुद पर पेट्रोल डाला, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जालंधर (रोजाना भास्कर) : जालंधर नगर निगम चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। दोपहर 1 बजे तक एमसी जालंधर में 28.2 प्रतिशत, एम काउंसिल, 42.3 प्रतिशत, नगर पंचायत 40.2 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
जालंधर नगर निगम के 85 वार्ड, भोगपुर नगर परिषद के 13 वार्ड, गोराया नगर परिषद के 13 वार्ड, फिल्लौर नगर परिषद के 1 वार्ड, बिलगा नगर पंचायत के 11 वार्ड, शाहकोट नगर पंचायत के 13 वार्ड और मेहतपुर नगर पंचायत के 1 वार्ड समेत कुल 137 वार्डों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है। बिलगा नगर पंचायत के दो वार्ड (वार्ड नंबर 1 और 3) पहले ही सर्वसम्मति से तय हो चुके हैं।
सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वोटिंग के लिए लोग भी पहुंचने लगे हैं। आज शाम 4 बजे तक मतदान चलेगा। इसके बाद वोटों की गिनती होगी। जालंधर में इस समय त्रिकोणीय मुकाबला है। मुकाबला आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। साथ ही कुछ वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों के जीतने की भी संभावना है।
जालंधर के श्री गुरु तेग बहादुर नगर में गुरु अमरदास स्कूल के एक मतदान केंद्र पर झड़प हो गई। आरोप लगाया गया है कि वार्ड नंबर 35 कि कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार हरशरण कौर हैप्पी के पति सुरिंदर सिंह पोलिंग स्टेशन के बाहर खड़े थे। इसी पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं उनके साथ जमकर बहस की। इसके बाद मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई। वहीं घटना का पता चलते ही जालंधर कैंट से कांग्रेस के विधायक और पूर्व भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी परगट सिंह मौके पर पहुंच गए थे।
जालंधर के भगवान वाल्मीकि (ज्योति चौक) से बाजार की ओर जाते रास्ते पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। बाजार चौक सरकारी स्कूल में वोटिंग हो रही है, इसलिए यह रास्ता बंद किया गया है।
वोटिंग के लिए पहुंचे जालंधर वेस्ट के विधायक और मंत्री मोहिंदर भगत ने मीडिया से बातचीत की। जालंधर वेस्ट के विधायक मोहिंदर भगत ने कहा कि लोग बहुत समझदार हैं। लोग काफी समय से इंतजार कर रहे थे कि कब नगर निगम चुनाव हो। हम अपने पार्षद और मेयर बनाए। हमारे काम हो। लोग काफी खुश हैं। लोगों को पता है कि पंजाब में आप की सरकार है। विधायक आप का है। ऐसे में वह आप का मेयर बनाएंगे। लोगों का काम होगा।
जालंधर के प्रताप बाग के वार्ड नंबर 26 के मतदान केंद्र पर वोटिंग के दौरान एक व्यक्ति को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर बाहर निकाल दिया। अंदर खड़े कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि वह वोट डालने आए लोगों से कांग्रेस को वोट देने के लिए कह रहा था। विवाद के बाद पुलिस ने उक्त व्यक्ति को बाहर निकाल दिया।