PSPCL के पूर्व CMD समेत 3 पर विजिलेंस का शिकंजा, भ्रष्टाचार मामले में K.D. चौधरी, पूर्व XEN और कॉलोनाइज़र गिरफ्तार

लुधियाना, रोजाना भास्कर ब्यूरो: लुधियाना में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा ने बड़े भ्रष्टाचार मामले में कार्रवाई करते हुए PSPCL के पूर्व CMD K.D. चौधरी, पूर्व सीनियर XEN संजीव प्रभाकर और कॉलोनाइज़र अमित गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पर 66 KV बसंत एवेन्यू सबस्टेशन की स्थापना में नियमों की अनदेखी और मिलीभगत के आरोप लगे हैं।

विजिलेंस जांच में सामने आया कि कॉलोनाइज़र को फायदा पहुंचाने के लिए बिजली मंत्रालय के दिशा-निर्देशों को नजरअंदाज किया गया।

आरोप है कि सबस्टेशन खेतों के बीच ऐसी जगह बनाया गया जहां आज तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क भी नहीं है। इसके बावजूद तत्कालीन अधिकारियों ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

जांच एजेंसियों का कहना है कि यदि सभी कॉलोनियों के बिजली लोड और NOC की सही जांच होती तो पूरा खर्च कॉलोनाइज़र को उठाना पड़ता। फिलहाल विजिलेंस टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे बड़े खुलासों की संभावना है।