अमृतसर में ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार नाबालिगों समेत नौ गिरफ्तार

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: अमृतसर में ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार नाबालिगों समेत नौ गिरफ्तार। सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी कर रहे थे आरोपी, रेलवे ट्रैक के पास कैमरे लगाकर विदेश बैठे हैंडलर्स को भेज रहे थे फुटेज।

अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े दो सीमा पार आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार नाबालिगों समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, चार पेट्रोल बम और नौ कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे कथित आईएसआई हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, मॉड्यूल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल कर आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करना था। आरोपी सुरक्षा प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों की रेकी भी कर रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सर्विलांस कैमरे लगाए थे। इन कैमरों से प्राप्त फुटेज कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलर्स के साथ साझा की जा रही थी।

तीन थानों में केस दर्ज

मामले में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिविजन थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरणों और अन्य माध्यमों से विदेशी संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।

फाइनेंशियल ट्रेल भी खंगाला जा रहा

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित आतंकी नेटवर्क को विदेश से किस माध्यम से धन उपलब्ध कराया जा रहा था।