हादसे के बाद कार चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: अमृतसर में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फरार कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिसकर्मी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी पुलिस विभाग के अधिकारियों और मृतक के परिजनों को भी दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।














