जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): जालंधर के अर्बन एस्टेट फेज-1 स्थित श्री गीता मंदिर में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान और श्री गीता मंदिर कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय श्री शिव कथा का भव्य शुभारंभ हुआ।

पहले दिन श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी मेधावी भारती जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान शिव की कथा मानव जीवन को नई दिशा देती है। केवल श्रवण पर्याप्त नहीं, बल्कि मनन के माध्यम से ही जीवन के सार की खोज कर मोक्ष के द्वार खोले जा सकते हैं।

साध्वी जी ने कहा कि ‘शिव’ नाम स्वयं में कल्याण और त्याग की प्रेरणा है। भगवान शिव की हर लीला कल्याणकारी है, जो मानव को त्याग और परोपकार का संदेश देती है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के त्यागपूर्ण जीवन ने आध्यात्मिक क्रांति की नींव रखी, वहीं श्री राम के 14 वर्ष के वनवास और बलिदान से रामराज की स्थापना संभव हुई।

उन्होंने आगे कहा कि मानव जीवन के वास्तविक लक्ष्य की प्राप्ति के लिए एक पूर्ण सद्गुरु की आवश्यकता होती है, जो आत्मा का परमात्मा से मिलन कराकर जीवन को सफल बनाते हैं।
ब्रह्म ज्ञान की प्राप्ति और आंतरिक उत्थान के लिए सच्चे सतगुरु की शरण अनिवार्य है, जो दिव्य नेत्र खोलकर साधक को ब्रह्मधाम की ओर ले जाते हैं।

कथा के दौरान साध्वी मीनाक्षी भारती, साध्वी पुष्पभद्रा भारती, साध्वी संदीप साध्वी और साध्वी भार्गवी भारती तथा सतिंदर भारती ने शिवमय भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर स्वामी सज्जनानंद, मंदिर के प्रधान राजेश अग्रवाल, हरि राम सिंगला (डायरेक्टर, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी), महेंद्र प्रताप, अनुराग अग्रवाल, श्रीमती नरगिस बत्रा, अंशुमन पुरी, विजय गुप्ता, योगेश सूरी, सतीश रहेजा, ए.एल. धवन, विनय सलूजा, संजीव शर्मा, कमल कुमार, वरिंदर भगत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
#Jalandhar #ShivKatha #GeetaMandir #DivyaJyotiJagratiSansthan #SadhviMedhaviBharti #SpiritualEvent #UrbanEstate #Bhajan #BrahmGyan #Sadguru #PunjabNews














