आदमपुर एयरपोर्ट पर बड़ा खुलासा: नांदेड जाने आईं दो महिला यात्री फर्जी एयर टिकट के साथ पकड़ी गईं

जालंधर, (रोजाना भास्कर ब्यूरो): आदमपुर हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जब एएआई और स्टार एयरलाइंस के कर्मचारियों ने दो महिला यात्रियों को नकली एयर टिकट के साथ पकड़ लिया। दोनों महिलाएं आदमपुर से नांदेड जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंची थीं।

जानकारी के मुताबिक, जैसे ही महिलाएं एयरलाइन के चेक-इन काउंटर पर टिकट सत्यापन के लिए पहुंचीं, कर्मचारियों को टिकटों पर शक हुआ। जांच करने पर सामने आया कि दोनों टिकट फर्जी थीं। इसके तुरंत बाद एएआई और पुलिस को सूचना दी गई।

पूछताछ के दौरान महिला यात्रियों ने बताया कि उन्होंने ये टिकट एक निजी एजेंट से खरीदी थीं और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि टिकट नकली हैं।

इस संबंध में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच पंजाब पुलिस को सौंपी गई है। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे फर्जी टिकट नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के रैकेट पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

#AdampurAirport #FakeAirTicket #StarAirlines #AAI #PunjabPolice #AviationSecurity #BreakingNews #TravelAlert