कांग्रेसी विधायक के खासमखास ने सरकार को लगाया लाखों का चूना?

नाजायज़ बनी बिल्डिंग पर जल्द चलेगा निगम का पीला पंजा!

जालंधर, रोज़ाना भास्कर (हरीश शर्मा): संघा चौक के नज़दीक वडाला चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित Blinkit स्टोर के कारण क्षेत्र में ट्रैफिक की गंभीर समस्या पैदा होने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। आसपास रहने वाले निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि स्टोर के बाहर वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के कारण राहगीरों को रोज़ाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन और नगर निगम को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि समस्या का समाधान निकालने के बजाय दुकान मालिक ने साथ लगते खाली प्लॉट में एक और इमारत खड़ी कर उसमें भी Blinkit का स्टोर शुरू कर दिया, जिससे ट्रैफिक की समस्या और बढ़ गई है।

इस बीच RTI एक्सपर्ट गौरव लूथरा ने कथित रूप से इस निर्माण को नाजायज़ बताते हुए इसकी शिकायत प्रशासन और नगर निगम को भेजी है। शिकायत में निर्माण की वैधता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संबंधित निर्माण नगर निगम के नियमों के विरुद्ध पाया जाता है तो प्रशासन को बिना किसी दबाव के कार्रवाई करनी चाहिए। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि जांच पूरी होने के बाद नगर निगम इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई करेगा और अवैध निर्माण होने की स्थिति में उस पर नगर निगम का “पीला पंजा” चल सकता है।