गुरदासपुर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। गुरदासपुर में ASI और होमगार्ड जवान की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज केस के मुख्य आरोपी रणजीत सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया। यह एनकाउंटर बुधवार सुबह पुराना शाला इलाके में उस समय हुआ, जब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए रणजीत सिंह ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले आदियां गांव की पुलिस चौकी में ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान अशोक कुमार और ASI गुरनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया था।
इस मामले में पहले ही आलिनंगल निवासी दिलावर सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान ही रणजीत सिंह और इंद्रजीत का नाम सामने आया था। इसी कड़ी में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
एनकाउंटर के दौरान SHO दोरांगला की गाड़ी पलट गई, लेकिन इसके बावजूद पुलिस टीम ने साहस और मुस्तैदी दिखाते हुए ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों द्वारा जल्द ही प्रेस को पूरी जानकारी दिए जाने की संभावना है।
#GurdaspurEncounter #PunjabPolice #ASI_MurderCase #HomeGuardMartyr #PoliceAction #CrimeNews #PunjabNews














