चंडीगढ़ में बड़ा धमाका: पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर स्कूटी में ब्लास्ट, शहरभर में हाई अलर्ट

चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ बुधवार शाम एक जोरदार धमाके से दहल उठी। सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। चंडीगढ़ की एसएसपी और आईजी पुष्पेंद्र कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच के आदेश दिए।

पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार शाम करीब पांच बजे भाजपा कार्यालय के बाहर खड़ी स्कूटी में यह धमाका हुआ। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और न ही कार्यालय भवन को कोई क्षति पहुंची।

हालांकि विस्फोट के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्कूटी किसकी थी और उसमें विस्फोटक कैसे रखा गया। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

#ChandigarhBlast #PunjabBJP #BreakingNews #HighAlert #SecurityAlert #ChandigarhNews #BombSquad #ForensicTeam #PoliceInvestigation #IndiaNews