चन्नी को मिला संसद रत्न सम्मान, कृषि समिति के उत्कृष्ट कामकाज के लिए सम्मानित

चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को बुधवार को प्रतिष्ठित संसद रत्न पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान संसद की कृषि, पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष के तौर पर उत्कृष्ट कामकाज के लिए मिला है। चन्नी की अध्यक्षता वाली समिति को संसदीय समितियों की श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन के लिए चुना गया था।

चन्नी ने समिति के माध्यम से किसानों, खेत मजदूरों और कृषि क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। समिति की रिपोर्टों में किसानों के हितों और कृषि सुधारों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव शामिल रहे हैं। इससे पहले 2025 में भी चन्नी को संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संसद रत्न सम्मान मिल चुका है।

चन्नी ने सम्मान को पंजाब और जालंधर की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उनका कहना है कि जनता के मुद्दों की आवाज संसद में मजबूती से उठाते रहेंगे। यह चन्नी का दूसरा संसद रत्न सम्मान है।