जालंधर की पॉश सोसाइटी में आधी रात फायरिंग, खुद को पार्षद का रिश्तेदार बताने वाला युवक गिरफ्तार

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर के सूर्या एन्क्लेव इलाके में स्थित शौर्या ग्रीन अपार्टमेंट में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने नशे की हालत में गोली चला दी।

घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। आरोपी युवक ने सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी के साथ पहले बदसलूकी की और फिर कथित तौर पर अपना हथियार निकालकर फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनते ही पूरी सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही एसीपी अजय और थाना रामा मंडी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार युवक की पहचान रूबी के रूप में हुई है, जो अपार्टमेंट में किराए पर रहता है।

सोसाइटी के पदाधिकारी परमवर पठानिया, नरेश शर्मा और विक्की सिंह ने बताया कि आरोपी अक्सर खुद को किसी पार्षद का रिश्तेदार बताकर दबाव बनाने की कोशिश करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी उसने सोसाइटी में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की थी। निवासियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

#Jalandhar #SuryaEnclave #FiringIncident #PunjabPolice #CrimeNews #LawAndOrder #BreakingNews