जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: शहर के प्रसिद्ध पारंपरिक रेस्टोरेंट ‘हवेली’ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक ग्राहक ने दावा किया है कि उसे परोसे गए सलाद में जिंदा कॉकरोच मिला। यह वीडियो गुरप्रीत रंधावा नाम के यूजर ने फेसबुक पर शेयर किया है, जिसमें रेस्टोरेंट की साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

गुरप्रीत रंधावा के अनुसार, वह किसी काम से जालंधर आए थे और दोपहर के समय हवेली में परांठे और सलाद का ऑर्डर किया। उनका आरोप है कि सलाद परोसते ही उसमें एक जिंदा कॉकरोच चलता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

वीडियो में ग्राहक ने दावा किया कि सलाद ताजा नहीं था और ऐसा लग रहा था जैसे उसे कई दिनों से फ्रिज में रखा गया हो। उन्होंने कहा कि रोजाना सैकड़ों परिवार और बच्चे इस रेस्टोरेंट में खाना खाने आते हैं, ऐसे में खाने में कीड़े-मकोड़े मिलना लोगों की सेहत के साथ गंभीर लापरवाही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और रेस्टोरेंट प्रबंधन से किचन की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की मांग भी की।
फिलहाल, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों पर हवेली रेस्टोरेंट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हो सकी है।














