जालंधर/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और 2022 विधानसभा चुनाव में आदमपुर सीट से उम्मीदवार रहे जीत लाल भट्टी ने चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। भट्टी आदमपुर के हलका इंचार्ज भी रहे हैं और क्षेत्र में सोशल मीडिया के साथ-साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता माने जाते हैं।

भाजपा में शामिल होने के दौरान पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी देती है, इसलिए अन्य दलों के नेता लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ रहे हैं, जो पार्टी के भीतर बढ़ती नाराजगी का संकेत है। ढिल्लों ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी।
जीत लाल भट्टी के भाजपा में शामिल होने से उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। वहीं, आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के लिए इस राजनीतिक खालीपन को भरना चुनौती माना जा रहा है।
भट्टी के इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि भाजपा उन्हें कौन-सी नई जिम्मेदारी सौंपती है और आदमपुर की राजनीति पर इसका क्या असर पड़ता है।














