जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर निगम हाउस की आज सुबह 12 बजे रेडक्रॉस भवन में शुरू हुई मीटिंग में हंगामा हो गया। कांग्रेस के वार्ड-1 की पार्षद ने नार्थ हलके काम गिनाए और कहा कि दिनेश ढल्ले के इंचार्ज रहते काम रुके थे। उसने कहा कि अब मेयर धीर खुद नार्थ हलका इंचार्ज हैं, इसलिए ये काम शुरू करवाए जाएं। दिनेश ढल्ल का नाम लेने पर आप पार्षद लव रॉबिन ने आपत्ति जताई और कहा की हाउस में नाम क्यों लिया। इसी बात से दोनों पार्टियों के पार्षदों में बहस हो गई। इसी बच मेयर ने एजेंडा पढ़कर बिना चर्चा प्रस्ताव पास करवा दिए।

हंगामा और लगातार नारेबाजी पर मेयर विनीत धीर को खुद माइक थामना पड़ा। मेयर ने हंगामा शांत करवाने के लिए कहा कि आप लोगोंको शर्म आनी चाहिए। पूरा शहर आपको देख रहा है। बावजूद इसके कौंसलर एक-दूसरे से बहस करते रहे और नारेबाजी चलती रही। गुस्से में आकर कुछ पार्षदों ने एजेंडे की कॉपियां फाड़कर हाउस में उछाल दीं।
आप पार्षदों में लव रॉबिन, मुकेश सोढी. हरजिंदर सिंह लाडा, राजकुमार राजू लगातार कांग्रेसियों को टोकते रहे और बोलने नहीं दिया।
कांग्रेस पार्षद पवन कुमार, जसलीन सेठी, हरसिमरन बंटी, बलराज ठाकुर ने वार्डों के मुद्दे रखे। वार्ड-1 की महिला पार्षद आशु ने पूर्व हलका इंचार्ज दिनेश ढल्ल का नाम लिया तो हंगामा बढ़ गया।
कांग्रेस ने एक दिन पहले ही मीटिंग के हंगामापूर्ण रहने के आसार बता दिए थे। कांग्रेस ने हाउस की मीटिंग को लेकर जारी एजेंडे पर सवाल उठाए थे। जालंधर सेंट्रल से पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र बेरी के साथ कांग्रेस के 17 कौंसलरों ने मीटिंग की थी। कांग्रेस पार्षदों ने फैसला लिया है कि वे हाउस की बैठक के दौरान एकजुट रहकर सत्ताधारी पक्ष का विरोध करेंगे।
एजेंडे में 50 चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम लगाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा बस्ती पीर दाद क्षेत्र में 20 एमएलडी क्षमता का नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 45 एमएलडी क्षमता का मेन पंपिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। नगर निगम जालंधर में संयुक्त कमिश्नर के पद दो से बढ़ाकर चार करने का भी प्रस्ताव है।
नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में सीवर और पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 22 कार्यों का प्रस्ताव रखा गया है। शहर के फेरी वालों (स्ट्रीट वेंडर्स) का डिजिटल सर्वे कराने और उन्हें यूनिक आइडेंटिफिकेशन क्यूआर कोड नंबर प्लेट जारी करने का भी प्रस्ताव एजेंडे में शामिल है।
निगम कमिशनर संदीप ऋषि की अगुवाई में प्रस्ताव पास
नगर निगम कमिशनर संदीप ऋषि की अगुवाई में प्रस्ताव पास किए गए। मामले की जानकारी देते हुए नगर निगम कमिशनर संदीप ऋषि ने बताया कि जनरल हाउस की मीटिंग में मता नंबर 163 से 210 तक के प्रस्ताव पास किए गए। जिसमें 183 मता भी शामिल है।
उन्होंने कहाकि सोलेड वेस्ट प्रोजेक्ट को हाउस में ड्रॉप किया गया। दरअसल, कर्मचारी यूनियन के मनों में आशंका थी और उसके कारण इसे अभी रोक दिया गया। संदीप ऋषि ने बताया कि यूनियन के साथ मीटिंग के बाद उनकी सहमति से ही प्रस्ताव को पास किया जाएगा। ऐसे में इस प्रोजेक्ट को रोक दिया गया।
जानें नगर निगम के एजेंडे में क्या-क्या प्रस्ताव…
50 चौराहों पर लगेगा स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम: जालंधर शहर के 50 प्रमुख चौराहों पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाने का प्रस्ताव नगर निगम हाउस में रखा जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए पहले 9.98 करोड़ रुपए का अनुमान तैयार किया गया था, जिसे तकनीकी जांच के बाद 9.51 करोड़ रुपए मंजूर किया गया है। सभी चौराहों को 4जी/5जी और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। शहर के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से ट्रैफिक की निगरानी होगी। प्रोजेक्ट में जेब्रा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन, सोलर ब्लिंकर, पावर बैकअप और दो साल का संचालन-रखरखाव भी शामिल है।
20 एमएलडी एसटीपी के लिए 35 करोड़ की योजना:बस्ती पीर दाद क्षेत्र में 20 एमएलडी क्षमता का नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 45 एमएलडी क्षमता का मेन पंपिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। नगर निगम के अनुसार बस्ती पीर दाद में पहले से चल रहे 50 एमएलडी और 15 एमएलडी प्लांट पर सीवेज का दबाव बढ़ गया है। इसी कारण अतिरिक्त सीवेज को वैज्ञानिक तरीके से ट्रीट करने के लिए यह प्रोजेक्ट जरूरी माना गया है। अमृत 2.0 योजना के तहत प्रस्तावित प्रोजेक्ट की लागत 32.79 करोड़ रुपए है, जबकि पांच साल के संचालन और रखरखाव पर 2.35 करोड़ रुपए खर्च होंगे। योजना के तहत करीब 70 मीटर ग्रेविटी सीवर, 280 मीटर पंपिंग मेन और काला संघियां ड्रेन की ट्रेंचलेस क्रॉसिंग भी की जाएगी। केंद्र सरकार 33 प्रतिशत और पंजाब सरकार 67 प्रतिशत पूंजीगत लागत देगी।
एसटीपी की जमीन के लिए 2 करोड़ रुपए जमा होंगे: लेदर कॉम्प्लेक्स में 20 एमएलडी एसटीपी बनाने के लिए पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड से 9802.16 वर्ग गज जमीन लेने का प्रस्ताव है। जमीन 99 साल की लीज पर मिलेगी, जिसे आगे 99 साल के लिए रिन्यू किया जा सकेगा। जमीन की दर 12 हजार रुपए प्रति वर्ग गज तय की गई है और कुल अनुमानित कीमत 11.76 करोड़ रुपए है। निगम को शुरुआती 15 प्रतिशत डाउन पेमेंट के रूप में 2,00,22,998 रुपए जमा करने होंगे। इससे पहले 1,17,36,000 रुपए अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट और कैंसर सेस के रूप में जमा किए जा चुके हैं।
कूड़ा प्रबंधन पर 607 करोड़ रुपए खर्च होंगे: जालंधर के सभी 85 वार्डों में इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने के लिए 607.11 करोड़ रुपए का संशोधित प्रस्ताव हाउस में रखा गया है। यह काम आठ साल की अवधि के लिए दो हिस्सों में कराया जाएगा। पहले हिस्से में कैंट और वेस्ट विधानसभा क्षेत्र शामिल होंगे, जिसकी अनुमानित लागत 364.27 करोड़ रुपए है। दूसरे हिस्से में सेंट्रल और नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र होंगे, जिस पर 242.84 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए 4 संयुक्त कमिश्नर: नगर निगम जालंधर में संयुक्त कमिश्नर के पद दो से बढ़ाकर चार करने का प्रस्ताव रखा गया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि नगर निगम की सीमा में 12 गांव शामिल होने के बाद उसका क्षेत्र और कामकाज बढ़ गए हैं। शहर में चार विधानसभा क्षेत्र हैं। ऐसे में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक संयुक्त कमिश्नर नियुक्त करने से शिकायतों के निपटारे में तेजी आ सकती है।
नॉर्थ हलके में सीवर-पानी के कामों पर 3.18 करोड़: नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में सीवर और पेयजल के लिए 22 कामों का प्रस्ताव रखा गया है। इसकी टोटल कॉस्ट 3,18,88,922 रुपए है। स्टार पैराडाइज कॉलोनी, गुरु नानक एवेन्यू, वीनस वैली एक्सटेंशन, न्यू अमृत विहार, नवज्योति कॉलोनी, न्यू नागरा कॉलोनी और रेडिसन एन्क्लेव में नई सीवर लाइनें और मैनहोल बनाए जाएंगे। गदईपुर पुली, गांधी कैंप और कमल पैलेस के पास क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की मरम्मत का प्रावधान है।
25.72 करोड़ से होगी मुख्य सीवर लाइनों की सफाई: नगर निगम ने शहर की मुख्य और ब्रांच सीवर लाइनों की सुपर सक्शन मशीनों से सफाई के लिए 25.72 करोड़ रुपए के अनुमान तैयार किए हैं। प्रस्ताव में नॉर्थ, सेंट्रल, कैंट और वेस्ट विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख सीवर लाइनों को शामिल किया गया है। किशनपुरा डिस्पोजल से लांबा पिंड चौक, पार्शुराम नगर से रेरू पिंड, सब्जी मंडी डिस्पोजल से विधिपुर रेलवे क्रॉसिंग और इंडस्ट्रियल एरिया डिस्पोजल से दोआबा चौक तक सफाई कराई जाएगी। इसके अलावा पुराने गढ़ा डिस्पोजल से डेयरी चौक, गुरु रविदास चौक, बरबरीक चौक और कपूरथला रोड तक की मुख्य लाइन की डी-सिल्टिंग का प्रस्ताव है। जोन 1, 2, 2ए, 3, 3ए, 4 और 4ए की विभिन्न गलियों की सीवर लाइनों और मैनहोल की वार्षिक सफाई भी इसमें शामिल होगी।
शहर के फेरी वालों (स्ट्रीट वेंडर्स) का डिजिटल सर्वे कराने और उन्हें यूनिक आइडेंटिफिकेशन क्यूआर कोड नंबर प्लेट जारी करने का प्रस्ताव रखा है।
शहर के फेरी वालों (स्ट्रीट वेंडर्स) का डिजिटल सर्वे कराने और उन्हें यूनिक आइडेंटिफिकेशन क्यूआर कोड नंबर प्लेट जारी करने का प्रस्ताव रखा है।
शहर के सभी स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगी डिजिटल पहचान
नगर निगम जालंधर ने शहर के फेरी वालों (स्ट्रीट वेंडर्स) का डिजिटल सर्वे कराने और उन्हें यूनिक आइडेंटिफिकेशन क्यूआर कोड नंबर प्लेट जारी करने का प्रस्ताव रखा है। यह योजना पंजाब स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट 2014 के तहत तैयार की गई है। टाउन वेंडिंग कमेटी की 16 अप्रैल 2026 की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी जा चुकी है।
प्रस्ताव के तहत एक सर्विस प्रोवाइडर शहर के सभी स्ट्रीट वेंडर्स का ग्राउंड वेरिफिकेशन करेगा और उनकी जीपीएस लोकेशन मैपिंग करेगा। इसके बाद प्रत्येक वेंडर को एक यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर और क्यूआर कोड वाली नंबर प्लेट दी जाएगी। इस प्लेट में वेंडर की तस्वीर, नाम, रजिस्ट्रेशन संख्या और अन्य जानकारी होगी।इससे शहर में स्ट्रीट वेंडिंग व्यवस्थित होगी और नकली फेरी वालों पर रोक लगेगी।














