जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के दशमेश नगर इलाके में ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच बड़ा विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाथापाई शुरू हो गई। घटना के दौरान महिलाओं समेत कई लोग मौके पर मौजूद रहे, जबकि एक युवक की कथित तौर पर चप्पलों से पिटाई कर दी गई।

जानकारी के अनुसार मोहल्ले में एक खाली प्लॉट के बाहर लगे बिजली के खंभों के पास नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना था।
प्लॉट खरीदने वाले प्रवासी परिवार इसका विरोध कर रहे थे, जबकि इलाके के निवासी वहीं ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना के समय पार्षद पति दर्शन भगत और पार्षद बब्लू भी मौके पर मौजूद थे। विवाद के दौरान महिलाओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच कुछ लोगों ने एक युवक को चप्पलों से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।














