जालंधर में ट्रैवल एजेंट के खिलाफ किसानों का धरना: फर्जी वीजा के नाम पर 45 लाख की ठगी का आरोप

जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): जालंधर के सविधान चौक के पास स्थित Japnoor Travels के खिलाफ किसानों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने ट्रैवल एजेंट पर फर्जी वीजा लगाकर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

भुलत्थ निवासी सतमान सिंह ने बताया कि एजेंट ने उन्हें विदेश भेजने का झांसा देकर फर्जी वीजा लगवाया और एयरपोर्ट तक पहुंचा दिया, जहां जांच के दौरान उन्हें रोक लिया गया। पीड़ितों के अनुसार एजेंसी में अशोक नाम का व्यक्ति पार्टनर है, जबकि मनदीप सिंह दफ्तर का कामकाज संभालता है।

किसान नेता सुखचैन सिंह ने आरोप लगाया कि कनाडा का वीजा दिलाने के नाम पर कुल 45 लाख रुपये लिए गए। एयरपोर्ट पर 10 साल के मल्टीपल वीजा में गड़बड़ी सामने आने के बाद एजेंट ने 19 लाख रुपये तो वापस कर दिए, लेकिन बाकी रकम किस्तों में लौटाने का वादा करने के बावजूद अब तक पूरा भुगतान नहीं किया गया।

पीड़ित परिवार ने बताया कि पैसे जुटाने के लिए उन्हें डेढ़ किला जमीन तक बेचनी पड़ी। लगातार पैसे वापस न मिलने और मानसिक प्रताड़ना के चलते एक पीड़ित द्वारा आत्महत्या की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

किसानों का कहना है कि पिछले दो साल से न्याय न मिलने के कारण मजबूर होकर उन्हें एजेंट के कार्यालय के बाहर धरना देना पड़ा।

#JalandharNews #TravelAgentFraud #FakeVisaScam #FarmersProtest #JapnoorTravels #PunjabNews #JusticeForVictims