जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर में सोमवार (6 अप्रैल) को दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात सामने आई। पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में दो अज्ञात लुटेरे स्कूटी पर सवार होकर पहुंचे और गनपॉइंट पर करीब 7 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। वारदात दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है, जिससे बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी मुंह ढके हुए थे। एक लुटेरा बैंक के बाहर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा अंदर जाकर सीधे कैशियर के पास पहुंचा और सारा कैश देने को कहा।
कैशियर ने जब पैसे देने में आनाकानी की तो आरोपी ने पिस्टल निकालकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद कैश काउंटर पर रखा पैसों से भरा बैग लेकर वह बाहर निकल आया। उस समय बैंक में 3 से 4 ग्राहक भी मौजूद थे।
घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी बैग लेकर बाहर आते और फिर स्कूटी पर बैठकर फरार होते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि लूटी गई रकम का आकलन किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।
शहर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














