जालंधर में नशे में धुत्त पुलिसकर्मी पर बड़ी कार्रवाई: वीडियो वायरल होते ही पुलिस कमिश्नर का सख्त एक्शन, आरती राजपूत ने लगाए थे गंभीर आरोप!

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया। आरोप है कि ड्यूटी के बाद घर जाते समय पुलिसकर्मी शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था।

शिकायतकर्ता आरती राजपूत के अनुसार, पुलिसकर्मी ने नशे की हालत में उनकी गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की। जब उन्होंने वाहन रोककर पुलिसकर्मी से बात की तो उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं। इसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत कमिश्नरेट पुलिस को दी और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

मामले पर एडीसीपी ट्रैफिक गुरवाज सिंह ने बताया कि रात का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें संबंधित पुलिसकर्मी पर ड्यूटी के बाद शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप लगे।

शिकायत और वीडियो की जांच के बाद पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देश पर संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।