जालंधर में फूड सप्लाई विभाग की बड़ी कार्रवाई: करतारपुर के दो इंस्पेक्टर सस्पेंड, करोड़ों की गेहूं खराब होने पर गिरी गाज

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। इस समय की बड़ी खबर जालंधर से सामने आई है, जहां फूड सप्लाई विभाग ने करतारपुर में तैनात अपने दो इंस्पेक्टरों—अनिल और प्रवीण सल्लण—को सस्पेंड कर दिया है। जिला फूड कंट्रोलर नरेंद्र सिंह ने दोनों के सस्पेंशन की आधिकारिक पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, समस्तपुर स्थित जेएस फार्म में करोड़ों रुपए की गेहूं खराब होने के मामले में विभागीय लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि संबंधित इंस्पेक्टरों ने गेहूं के संरक्षण में गंभीर लापरवाही बरती।

इससे पहले थाना मकसूदां की पुलिस ने जेएस फार्म के मालिक उपकार सिंह होठी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायत थी कि गोदाम में रखी बड़ी मात्रा में गेहूं खराब हो गई और जब फूड सप्लाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो उन्हें रोका गया।

बताया जाता है कि उसी समय इंस्पेक्टर प्रवीण सल्लण के बयानों के आधार पर फार्म मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। हालांकि अब विभागीय जांच में दोनों इंस्पेक्टरों की भूमिका पर सवाल उठे हैं और उन्हें जिम्मेदार मानते हुए सस्पेंड कर दिया गया है।

इस पूरे घटनाक्रम ने फूड सप्लाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, जेएस फार्म के साथ पनग्रेन का कोई लिखित एग्रीमेंट नहीं था और करीब 11 महीनों से किराया भी नहीं दिया गया।

फार्म की भूमिका केवल जगह उपलब्ध करवाने तक सीमित थी, जबकि गेहूं की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी विभाग की थी। सुरक्षा तो तैनात की गई, लेकिन उचित रखरखाव न होने के कारण गेहूं खराब हो गई।

मामले की गूंज अब प्रशासनिक गलियारों तक पहुंच गई है और आगे और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

#Jalandhar #FoodSupplyDept #Suspension #WheatScam #AdministrativeAction #PunjabNews #BreakingNews