जालंधर में बेकाबू कार ने 2-3 कारों और बाइक को मारी टक्कर, ड्राइवर हिरासत में; नकोदर चौक के पास हादसे के बाद हंगामा

बाइक सवार ने छलांग लगाकर बचाई जान, कार के नीचे फंसी बाइक

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर के नकोदर चौक और विवेक इंटरनेशनल होटल के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार किया सेल्टोस (CH 01 CU 7272) ने बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों और एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली, जबकि उसकी बाइक कार के नीचे बुरी तरह फंस गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक ने पहले सड़क किनारे खड़ी दो से तीन कारों को टक्कर मारी और इसके बाद बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

हादसे के बाद सड़क पर हुआ हंगामा

हादसे के बाद कार चालक की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों में रोष फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक बनियान में सड़क पर घूम रहा था और ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। लोगों ने उसके शराब के नशे में होने का शक जताया।

हादसे के बाद चालक ने मौके से कार लेकर निकलने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उसे घेर लिया और पकड़ लिया। कुछ देर तक मौके पर चालक के साथ लोगों की बहस भी होती रही।

बाइक सवार ने छलांग लगाकर बचाई जान

हादसे में बाल-बाल बचे बाइक सवार मोहित, जो एक बैंक में काम करते हैं, ने बताया कि वह सड़क किनारे बाइक खड़ी कर किसी से फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक उनकी ओर आई और बाइक को टक्कर मार दी।

मोहित ने बताया कि उन्होंने समय रहते छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि उनकी स्प्लेंडर बाइक कार के नीचे फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

PCR टीम पहुंची, चालक हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही PCR-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाना नंबर-4 ले गई। पुलिस अधिकारी अमरीक सिंह ने बताया कि चालक का मेडिकल करवाया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था या नहीं।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही विवेक इंटरनेशनल होटल के बाहर अवैध पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होने के पहलू की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।