जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर में एक युवती और उसकी मां के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी हरजीत जबरन उनके घर में घुस आया और युवती के साथ मारपीट करते हुए छेड़छाड़ की कोशिश की।

जब उसकी मां बचाव के लिए आगे आईं तो आरोपी ने उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, मदद के लिए फोन करने पर आरोपी ने युवती का मोबाइल भी तोड़ दिया।
पीड़िता ने बताया कि उसका करीब डेढ़ साल पहले तलाक हो चुका है और तब से वह अपनी मां के साथ रह रही है। आरोपी लगातार उस पर अपने साथ रहने का दबाव बना रहा था और आने-जाने पर रोक लगाने की कोशिश करता था। विरोध करने पर उसने घर में घुसकर हमला कर दिया।
घटना के बाद घायल मां-बेटी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका मेडिकल और MLR किया जा रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के परिवार ने भी उनकी मदद करने के बजाय उल्टा उन्हीं पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। अब पीड़ित पक्ष पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।














