जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: शहर के सिविल अस्पताल के NICU (निक्कू) वार्ड में मंगलवार तड़के करीब 5 बजे आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वार्ड में भर्ती 4 नवजात बच्चों को अस्पताल कर्मियों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एक एसी में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगी और धुएं के घने गुबार पूरे वार्ड में फैल गए। आग का असर दूसरे एसी और वायरिंग तक पहुंचा, जिससे बिजली की तारें और वार्ड में रखा कुछ सामान जल गया। हालांकि आग लगने के सही कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इसके साथ ही वार्ड में फैले धुएं को बाहर निकालने का काम भी किया गया।

अस्पताल प्रशासन ने सभी नवजातों और उनकी माताओं को तुरंत दूसरे सुरक्षित वार्डों में शिफ्ट कर दिया।
सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बेड, गद्दे, बिजली के उपकरण और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है।














