अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: अमृतसर के मजीठा में रविवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के एएसआई जोगा सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे बाइक पर आए दो बदमाशों ने रास्ते में उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सुहैल मीर सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और हत्या के पीछे के कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।














