जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। भाजपा नेता और पूर्व WWE चैंपियन दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने पंजाब में नशे और राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। 18 सितंबर से शुरू होने वाली भाजपा की नशामुक्त यात्रा से पहले एक इंटरव्यू में खली ने डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह की रिहाई की बात कही और दावा किया कि अमृतपाल ने युवाओं को नशे से दूर करने तथा पगड़ी और अमृत की ओर प्रेरित करने का काम किया है।

बोले- अमृतपाल को नकारात्मक नजर से नहीं देखना चाहिए
खली ने कहा कि अमृतपाल सिंह को केवल नकारात्मक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, पंजाब में नशे की समस्या से निपटने में अमृतपाल की भूमिका हो सकती है और उन्हें राजनीति में काम करने का अवसर मिलना चाहिए।
खली ने अमृतपाल के राजनीतिक अनुभव को लेकर उठने वाले सवालों पर कहा कि पंजाब में सुधार के लिए केवल राजनीतिक ट्रेनिंग या लंबा अनुभव ही जरूरी नहीं है। उन्होंने अपने बयान में अमृतपाल पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके पास पंजाब के लिए काम करने की क्षमता है।
AAP की फ्री योजनाओं पर भी निशाना
खली ने आम आदमी पार्टी सरकार की मुफ्त योजनाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार लोगों को मुफ्त सुविधाएं देती है तो यह भी देखा जाना चाहिए कि इन सुविधाओं के लिए संसाधन कहां से आ रहे हैं। महिलाओं को आर्थिक सहायता, मुफ्त बस सेवा और मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने मुफ्त व्यवस्था पर अपनी असहमति जताई।
खली ने तंज कसते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री भगवंत मान अपना खेत बेचकर लोगों को मुफ्त सुविधाएं दें, तभी वह इसे वास्तविक अर्थों में ‘फ्री’ मानेंगे।
चुनाव लड़ने की इच्छा से किया इनकार
खली ने कहा कि उनकी खुद मुख्यधारा की राजनीति में सक्रिय रूप से आने या जालंधर से चुनाव लड़ने की कोई खास इच्छा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अलग-अलग राजनीतिक दलों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं जताई।
दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली 10 फरवरी 2022 को भाजपा में शामिल हुए थे। इससे पहले वह किसान आंदोलन के समर्थन को लेकर भी सार्वजनिक रूप से बयान दे चुके हैं।














