उमर अब्दुल्ला बोले- और लड़ो आपस में, CM आतिशी ने कहा, चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे केजरीवाल… ऐसे देखें रिजल्ट
नई दिल्ली/पंजाब ब्यूरो (रोजाना भास्कर): शनिवार सुबह दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। रुझानों में BJP 40 सीट और AAP 30 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस पिछले दो चुनावों की तरह 0 सीट पर है। यानी रुझानों में भाजपा बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है।
चुनाव आयोग ने 69 सीटों के रुझान जारी किए हैं। इसके मुताबिक, भाजपा 42 और आप 27 सीटों पर आगे है। चुनाव आयोग (EC) के मुताबिक भी रुझानों में भाजपा को बहुमत मिल रहा है। दोपहर 12 बजे तक दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी, यह साफ हो जाएगा।
नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के अरविंद केजरीवाल 254 वोट से आगे चल रहे हैं। पहले केजरीवाल पीछे चल रहे थे। कालकाजी सीट से आतिशी अभी भी पीछे चल रही हैं। जंगपुरा से मनीष सिसोदिया और पटपड़गंज से अवध ओझा आगे चल रहे हैं। पहले ये भी पीछे चल रहे थे।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने AAP पर तंज कसा। उन्होंने पोस्ट में लिखा- और लड़ो आपस में।
दिल्ली में 5 फरवरी को 70 सीटों पर 60.54% मतदान हुआ था। 14 एग्जिट पोल आए। 12 में भाजपा और 2 में केजरीवाल की सरकार बनने का अनुमान जताया गया।
काउंटिंग से कुछ देर पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी से AAP कैंडिडेट आतिशी ने कहा, “यह सामान्य चुनाव नहीं है, ये अच्छे और बुरे के बीच की लड़ाई है। दिल्ली की जनता AAP और केजरीवाल के साथ खड़ी है। केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे।”