तरनतारन, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल करणबीर सिंह को गिरफ्तार किया है।

आरोपी से पहले 15 किलो हेरोइन, एक रिवॉल्वर और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर गांव भूसे में एक टावर के पास से 10 किलो हेरोइन की अतिरिक्त खेप बरामद की गई।
अब तक कुल 25 किलो हेरोइन जब्त हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि हेरोइन की खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी। फिलहाल, एजेंसियां तस्करी नेटवर्क और आरोपी के संभावित संपर्कों की जांच कर रही हैं।














