पंजाब बोर्ड 12वीं का रिजल्ट घोषित: 91.46% छात्र पास, मानसा की सुपनीत कौर बनी टॉपर; लड़कियों ने फिर मारी बाजी

चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड (PSEB) ने बुधवार को 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इस साल कुल 2,65,417 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 2,42,755 छात्र-छात्राएं सफल रहे। बोर्ड का कुल परीक्षा परिणाम 91.46 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

इस बार भी लड़कियों का प्रदर्शन शानदार रहा। मानसा जिले के गुरुकुल अकेडमी पब्लिक स्कूल की छात्रा सुपनीत कौर ने पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल किया।

वहीं लुधियाना के BCM पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की सोहानी चोहान दूसरे और तेजा सिंह स्वतंत्र मेमोरियल स्कूल, शिमलापुरी की दिवांशी तीसरे स्थान पर रहीं। खास बात यह रही कि तीनों छात्राओं ने 500 में से पूरे 500 अंक हासिल किए।

जिला-वार मेरिट सूची में पटियाला सबसे आगे रहा, जहां 58 विद्यार्थियों ने मेरिट में जगह बनाई। इसके बाद लुधियाना, अमृतसर और होशियारपुर के छात्रों का प्रदर्शन भी शानदार रहा।

विद्यार्थी पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर और नाम के जरिए अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। रिजल्ट देखने में किसी तरह की परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 95491-61161 पर संपर्क किया जा सकता है।