लुधियाना/जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: Punjab में 24 अप्रैल को युद्ध जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए राज्यभर में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों पर होने वाले इस अभ्यास के तहत रात 8 बजे से 8:15 बजे तक 15 मिनट का ब्लैकआउट रहेगा। सायरन बजते ही चिन्हित इलाकों में गैर-जरूरी लाइटें बंद करनी होंगी, जबकि जनरेटर और टॉर्च जलाने पर भी रोक रहेगी।

ड्रिल की शुरुआत करीब 2 मिनट तक बजने वाले एयर रेड चेतावनी सायरन से होगी। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर द्वारा तय क्षेत्रों में सिम्युलेटेड ब्लैकआउट किया जाएगा।
अभ्यास समाप्ति पर “ऑल क्लियर” सिग्नल के रूप में लगातार 2 मिनट हाई-पिच सायरन बजेगा, जो सामान्य स्थिति का संकेत होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह केवल तैयारी की कवायद है, लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
Ludhiana में Punjab Agricultural University और अगर नगर डिवीजन के क्षेत्रों को ड्रिल के लिए चुना गया है। प्रशासन के अनुसार यह सिर्फ बिजली बंद करने का अभ्यास नहीं, बल्कि रियल-टाइम इमरजेंसी रिस्पॉन्स की रिहर्सल है।
इस दौरान National Disaster Response Force, पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस और NCC की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एंड रेस्क्यू, फर्स्ट एड, मेडिकल सहायता और ट्रैफिक नियंत्रण जैसी गतिविधियों का अभ्यास करेंगी।














