पंजाब में एनालॉग पनीर पर बड़ा एक्शन, उत्पादन से बिक्री तक 1 साल की रोक; सरकार ने दिए सख्त जांच के आदेश

चंडीगढ़, रोजाना भास्कर न्यूज। पंजाब सरकार ने एनालॉग पनीर के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए इसके उत्पादन, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। अब कोई भी फूड बिजनेस ऑपरेटर किसी भी नाम से एनालॉग पनीर का निर्माण या कारोबार नहीं कर सकेगा।

सरकार के निर्देश के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग जिला स्तर पर डेयरी यूनिट्स, पनीर फैक्ट्रियों, होलसेलर्स, रिटेलर्स, कोल्ड स्टोरेज और गोदामों की जांच करेगा। पनीर की सप्लाई करने वाले वाहनों की भी चेकिंग की जाएगी।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंध की अवधि में एनालॉग पनीर की सप्लाई और बिक्री पर कड़ी नजर रखी जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।