जालंधर/मोहाली, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा)। पंजाब और चंडीगढ़ में आज शनिवार, 20 दिसंबर को घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री तक गिर गया है, जिससे दिन और रात दोनों में ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं 22 दिसंबर तक हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

घने कोहरे के चलते मोगा के समालसर में बड़ा हादसा हुआ, जहां एक बस खड़े ट्रक में जा घुसी। इस दुर्घटना में बस चालक के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया, जबकि आगे बैठा एक यात्री भी घायल हो गया। बस में कई सवारियां मौजूद थीं।
शुक्रवार को होशियारपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे और ठंड के कारण प्रदेश में कई स्थानों पर सड़क हादसे भी हुए, जिनमें एक हादसे में पंजाबी अभिनेत्री राज धालीवाल बाल-बाल बच गईं।
मौसम विभाग के अनुसार आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से कुछ जिलों में बादल छाए रहेंगे। अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट में हल्की बारिश, जबकि संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में घने कोहरे की संभावना है। सुबह से ही जालंधर, लुधियाना और अमृतसर में कोहरे के कारण यातायात प्रभावित रहा।
#PunjabWeather #FogAlert #YellowAlert #RoadAccident #ColdWave #WinterUpdate #PunjabNews #TrafficAlert














