चंडीगढ़/जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इस बदलाव में जालंधर, पटियाला, श्री मुक्तसर साहिब और कपूरथला सहित चार जिलों के डिप्टी कमिश्नर बदले गए हैं, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

हिमांशु अग्रवाल को पटियाला का नया डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जबकि अमित कुमार पांचाल को श्री मुक्तसर साहिब की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वरजीत वालिया अब जालंधर के नए डीसी होंगे और आकाश बंसल को कपूरथला का डिप्टी कमिश्नर बनाया गया है।
अन्य नियुक्तियों में विकास प्रताप को तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव, सुमेर सिंह गुर्जर को रक्षा सेवाएं कल्याण का प्रिंसिपल सेक्रेटरी, जसप्रीत सिंह को उद्योग एवं वाणिज्य निदेशक तथा अभिजीत कपलीश को माइन्स एवं जियोलॉजी विभाग का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कवलप्रीत बराड़ को स्वास्थ्य सचिव के साथ फरीदकोट मंडल और बबीता को कृषि कमिश्नर के साथ फिरोजपुर मंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। हरप्रीत सिंह सूदन खेल निदेशक के साथ-साथ PSIEC के प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभालेंगे।
जसबीर सिंह-II को सामान्य प्रशासन में अतिरिक्त सचिव और तेजदीप सिंह सैनी को जालंधर का एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) नियुक्त किया गया है। पुनीत गोयल को ट्रेडर्स कमीशन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
#PunjabGovernment #IASTransfers #AdministrativeShuffle #Jalandhar #Patiala #Muktsar #Kapurthala #PunjabNews #BureaucracyUpdate #BreakingNews














